logo

करणी सेना अध्यक्ष गोगामेड़ी मर्डर केस : एयर होस्टेस लेडी डॉन को AK 47 के साथ पुलिस ने अरेस्ट किया

PUJAA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या मामले में जयपुर पुलिस को आज एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो एयर होस्टेस की तैयारी कर रही थी। महिला का नाम पूजा सैनी है लेकिन उसने पूजा बत्रा के नाम से जयपुर में एक फ्लैट किराये पर लिया था। खबर है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने जयपुर आया शूटर नितिन फौजी इसी महिला के फ्लैट में रुका था। महिला विवाहित है। आरोप है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के लिए शूटर नितिन और रोहित को इसी महिला के पति ने गन उपलब्ध कराये थे। महिला के फ्लैट से एक AK 47 राइफल मिली है। 

पति है जयपुर का हिस्ट्री शीटर 
महिला ने अपने पति का नाम समीर बताया है, जो कि जयपुर का मशहूर हिस्ट्री शीटर बताया जाता है। समीर को नितिन से पूजा सैनी ने ही मिलवाया था। फिर समीर ने नितिन को कुछ और लोगों से मिलवाया, जो गोगामेड़ी की हत्या करने में कहीं न कहीं से मददगार साबित हो सकते थे। पुलिस ने बताया है कि समीर ने अजमेर रोड में रहने वाले एक व्यक्ति से नितिन को मिलवाया। इसी आदमी ने नितिन को गन उपलब्ध कराया। पुलिस ने इस गन को बरामद कर लिया है। 

शूटर नितिन ने खरीदी थी नयी बाइक 

पूजा सैनी ने पुलिस को बताया है कि उसे सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बारे में पता नहीं था। उसने टीवी में ये खबर देखी। पूजा के अनुसार नितिन उससे बाइक खऱीदने की बात पर मिला। उसने पूजा के पति समीर की मदद से एक नयी बाइक खऱीदी भी। इसके लिए नितिन ने 20 हजार रुपये का एडवांस पेमेंट किया। इस बाइक को उसने उस बिल्डिंग के बाहर पार्क किया, जहां करणी सेना प्रमुख को मारा जाना था। लेकिन ऐन मौके पर किसी ने बाइक को पार्किंग से हटा दिया। रोहित और नितिन गोगामेड़ी की हत्या करने के बाद दूसरे वाहन से फरार हुए होने में कामयाब रहे।